मथुरा
मथुरा जंक्शन पर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करने वाला दंपती गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मथुरा जंक्शन पर चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा किया है। टीम ने एक दंपती को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच हजार रुपये नकद और आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान की कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है। जीआरपी और आरपीएफ की टीम को बुधवार को जंक्शन पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली। टीम ने प्लेटफार्म नंबर आठ की आगरा साइड स्थित झाड़ियों के पास घेराबंदी की। यहां से नवीन खरवार और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदात कबूल कीं। आरोपियों ने बताया कि 8 अगस्त को दोनों ने जंक्शन से एक महिला का हैंडबैग चोरी किया था। 3 अगस्त को एक महिला के पर्स से पांच हजार रुपये चुराए थे। 3 जुलाई को एक महिला के कान से कुंडल खींचे थे। कुंडल छह हजार रुपये में बेच दिए थे। क्षेत्राधिकारी राजेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी स्टेशन पर आने वाली अकेली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। पहले उन्हें बातों में उलझाते थे और उनका सामान चोरी कर लेते थे। गिरफ्तार नवीन खरवार विदेशी टोला, थाना अकोढ़ी गोला, रोहतास, बिहार का रहने वाला है।



