विद्युत समेत अन्य समस्याओं को लेकर पदाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, केंद्र के खनन बिल के खिलाफ सात सितंबर को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी – हेमलाल मुर्मू
Strict instructions issued to officials regarding issues including electricity supply; warning of a protest demonstration on September 7 against the Centre's mining bill – Hemlal Murmu.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
हिरणपुर (पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने शनिवार को डांगापाड़ा पंचायत भवन पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विद्युत समेत अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए और जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों ने डांगापाड़ा गांव को हिरणपुर पावर सब स्टेशन से जोड़ने की मांग रखी। इस पर विधायक ने एसी, साहिबगंज राजेश कुमार से फोन पर बात कर डांगापाड़ा को अविलंब हिरणपुर पावर सब स्टेशन से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने जर्जर विद्युत तारों को हटाकर कवर्ड तार लगाने तथा डुमरिया और दराजमाठ में नया ट्रांसफार्मर लगाने का भी निर्देश दिया। पीडीएस डीलरों के 10 माह से लंबित कमीशन भुगतान के मामले में विधायक ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार को दुर्गापूजा से पहले सभी बकाया कमीशन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भुगतान की जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा। विधायक ने डांगापाड़ा चौक स्थित चांद भैरव प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार का कार्य जल्द कराने की बात कही। वहीं, आदिवासी टोला में सड़क एवं नाली निर्माण, बिंदाडीह स्कूल में डीप बोरिंग तथा बाबूपुर में सड़क निर्माण समेत अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और बच्चों की शिक्षा समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर खनन से प्राप्त राशि का उपयोग करती रही है। विधायक हेमलाल मुर्मू ने केंद्र सरकार के हालिया खान, खनन एवं विनियमन से जुड़े बिल का विरोध करते हुए कहा कि इससे झारखंड के अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के खनिज संसाधनों और खनन क्षेत्र से जुड़े अधिकारों में केंद्र की भूमिका बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में देश की बड़ी मात्रा में खनिज संपदा मौजूद है और लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में मीथेन गैस भी मिली है। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार के इस कानून को लेकर 31 अगस्त तक स्थिति पर नजर रखी जाएगी। यदि केंद्र सरकार कानून वापस नहीं लेती है तो सात सितंबर को झामुमो की ओर से सभी प्रखंडों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद राज्यव्यापी आर्थिक नाकेबंदी का भी निर्णय लिया जाएगा। विधायक ने दावा किया कि खनन से जुड़े मुद्दे को लेकर गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, रंजन कुमार साहा, पास्टर सोरेन, जब्बार अंसारी, जंतु सोरेन सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।



