शामली
तालाबों की जेसीबी से सफाई लगाकर कराया जा रहा सौंदर्यीकरण
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव के कार्य की सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में जलभराव और गंदगी की समस्या से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से तालाबों की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। गांव की वाल्मीकि बस्ती के किनारे स्थित तालाब, ऊन-थानाभवन मार्ग पर बीएसएनएल एक्सचेंज के पास स्थित तालाब तथा ईदगाह के पास स्थित तालाब की जेसीबी मशीन से सफाई कराई जा रही है।
सफाई अभियान के दौरान तालाबों से घास-फूस और झाड़ियां निकालकर ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से बाहर ले जाया जा रहा है। इसके साथ ही तालाबों के आसपास जमा गंदगी को भी हटाया जा रहा है। ग्राम पंचायत द्वारा तालाबों की सफाई के साथ उनके सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है।
ग्रामीणों कौकब खान,महताब, गालिब चौधरी,सावेज खान, जहांगीर खान, विक्की सखावत, दिलनवाज आदि के अनुसार, बरसात के मौसम में बारिश का पानी तालाबों में भरने के कारण कई बार तालाब ओवरफ्लो हो जाते थे। इससे आसपास की बस्तियों में जलभराव की स्थिति पैदा होने के साथ ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। तालाबों में घास-फूस और गंदगी जमा होने से मक्खी-मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता था।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फरहान खान ने बताया कि गांव के सभी तालाबों में चरणबद्ध तरीके से सफाई कार्य कराया जा रहा है। वाल्मीकि बस्ती किनारे तालाब, बीएसएनएल एक्सचेंज के पास तालाब और ईदगाह के पास स्थित तालाब का विशेष रूप से सफाई व सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में विभिन्न स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव के साथ-साथ मक्खी-मच्छरों की समस्या से भी ग्रामीणों को राहत मिल सके। वही ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव के कार्य की सराहना की।


