11 केवी लाइन का 200 मीटर तार चोरी, बिजली विभाग में मचा हड़कंप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र की खंद्रावली चौकी से कुछ दूरी पर अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग को नुकसान पहुंचाते हुए 11 केवी विद्युत लाइन का करीब 200 मीटर तार चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर 1912 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया गया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र खंद्रावली के सेकेंड डिवीजन क्षेत्र में रेलवे स्टेशन फीडर पर 11 केवी विद्युत लाइन के तार लगे हुए थे। अज्ञात चोरों ने लाइन के तार काटकर करीब 200 मीटर तार चोरी कर लिया। तार चोरी होने की जानकारी मिलने पर विभागीय कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना पर 1912 की टीम मौके पर पहुंची और विद्युत लाइन की स्थिति की जांच की। टीम ने चोरी हुए तार की लंबाई और घटना से हुए नुकसान की जानकारी जुटाई। वहीं, खंद्रावली चौकी पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। विभाग की ओर से चोरी हुए तार की कीमत और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।