रामपुर खेड़ी में निशुल्क मेडिकल कैंप, 32 लोगों को बांटी दवाइयां
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। क्षेत्र के गांव रामपुर खेड़ी में मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और जरूरत के अनुसार 32 लोगों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
बताया गया कि रालोद नेता राजन जावला ने किसान दिवस के दौरान रामपुर खेड़ी में मेडिकल कैंप लगाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप में पहुंचे राजन जावला ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण चिकित्सकों की सलाह के अनुसार निशुल्क दवाइयां प्राप्त करें। कैंप में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।