एचआरपी डे पर सैकड़ों गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच, दवाइयां भी बांटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। नगर के सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) डे का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल पहुंचीं सैकड़ों गर्भवती महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार महिलाओं को दवाइयां भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग के एचआरपी डे के तहत क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, खानपान और नियमित जांच के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
लैब टेक्नीशियन सागर पोसवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक माह गर्भवती महिलाओं के लिए एचआरपी डे आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं और जोखिम का समय रहते पता लगाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है। जांच के बाद जरूरत के अनुसार महिलाओं को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर नियमित चेकअप कराया जाता है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य महिलाओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है।