स्कूटी से टक्कर के बाद रोडरेज में युवक की पीट पीटकर हत्या
8 महीने पहले हुई थी शादी मृतक नीशू की शादी

पुलिस ने दो हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । स्कूटी से टक्कर के बाद रोडरेज में मामूली कहासुनी में दबंगो ने युवक की पीट – पीटकर हत्या कर दी।हत्या की वारदात से दहशत का माहौल बन गया है । मात्र 8 महीने पहले ही युवक नीशू की शादी हुई थी । देर शाम स्कूटी से टक्कर लगने पर हुई मामूली कहासुनी के बाद 22 वर्षीय नीशू की पीट पीटकर हत्या कर दी गई । नीशू पिलखुवा में पबला रोड पर एक कपड़ा फैक्ट्री में नौकरी करता था । फैक्ट्री से अपने दोस्त प्रिंस के साथ लौटते समय सड़क पर स्कूटी सवार कुछ दबंग युवकों से मामूली कहासुनी के बाद बात बढ़ गई और युवकों ने नीशू को पीटना शुरू कर दिया जिससे नीशू को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की घटना को अंजाम देकर आरोपी युवक फरार हो गए थे ।लेकिन मौके पर पहुंची पिलखुवा पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी की तलाश में जुट गई है ।
जानकारी के अनुसार , पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में पबला रोड पर एक कपड़ा फैक्ट्री 22 वर्षीय नीशू नौकरी करता हैं। आज देर शाम फैक्ट्री से लौटते समय नीशू और उसके दोस्त प्रिंस की एक स्कूटी सवार युवकों से टक्कर लग गई , जिससे मामूली कहासुनी के बाद उसका विवाद काफी बढ़ गया । इसी दौरान स्कूटी सवार युवकों ने अपने कुछ साथी मौके पर बुला लिये और नीशू की जमकर पिटाई करने लगे । रोडरेज के इस विवाद में नीशू के सिर में गंभीर चोट आ गई जिसे घायलावस्था में आसपास के राहगीर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने नीशू को मृत घोषित कर दिया । मृतक युवक नीशू की पहचान मोहल्ला छिद्दापुरी निवासी नीशू कश्यप पुत्र अनिल कश्यप के रूप में हुई है ।
घटना की जानकारी मिलते ही पिलखुवा सीओ मुनीश चंद्रा और पिलखुवा कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया,पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई है ।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि, थाना पिलखुवा क्षेत्र के मौ0 भोलापुरी निवासी नीशू कश्यप (उम्र करीब 22 वर्ष) अपने दोस्त प्रिंस के साथ पैदल अपने घर आ रहे थे तथा रास्ते में एक स्कूटी सवार ने उन्हें ओवरटेक किया, इसी बात पर आपस में कहासुनी हुई, प्रिंस के द्वारा बताया गया कि स्कूटी सवार ने अपने कुछ साथियों को बुलाकर मारपीट की गई, जिस कारण नीशू कश्यप को चोट आई व प्रिंस के हाथ की अंगुली में चोट आई तथा परिजनों द्वारा नीशू को जीएस अस्पताल में लाया गया, परन्तु दुर्भाग्यवश नीशू की मृत्यु हो गई है, प्रथम दृष्ट्या देखने पर नीशू के पूरे शरीर पर केवल दाहिने कान के पास एक ही चोट है। मृत्यु का सही कारण जानने हेतु शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत की कार्यवाही की जा रही है तथा घटना में संलिप्त 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष तीसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं एवं अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




