गोड्डा
एसआईआर-2026 को लेकर डीसी लोकेश मिश्रा ने किया सुनवाई स्थलों का निरीक्षण
दावा-आपत्तियों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर-2026 को लेकर गोड्डा जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बनाए गए दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दावा-आपत्तियों के निष्पादन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं द्वारा जमा किए जा रहे पहचान और अन्य जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी देखा।उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से दस्तावेजों की जांच, तथ्यों के सत्यापन और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में किसी तरह की विसंगति मिलने पर उसके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने मतदाताओं से अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच करने की अपील की। नाम में गलती, नाम छूटने या किसी अन्य आपत्ति की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराने को कहा गया। वहीं, जिला प्रशासन ने सभी सुनवाई स्थलों पर नागरिकों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे एसआईआर-2026 के तहत अपने मतदाता विवरण की जांच करें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति जरूर दर्ज कराएं।




