
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। महागामा प्रखंड के हसन करहरिया पंचायत अंतर्गत दहिया गांव में अचानक घर में आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने के साथ-साथ रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।जानकारी के अनुसार, दहिया गांव निवासी दिव्यांग हैदर अली, पिता शेख अमजद, किसी जरूरी काम से महागामा गए हुए थे। इसी दौरान घर में उनकी फूफी खाना बना रही थीं। खाना बनाने के क्रम में अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर से धुआं व तेज लपटें निकलने लगीं।आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया और आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया। हालांकि, तब तक घर में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थीं।बताया गया कि हैदर अली एक पैर से दिव्यांग हैं और परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। ऐसे में आग की घटना ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। घर और जरूरी सामान के जल जाने के बाद परिवार के सामने रहने और रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की अपील की है।



