ललितपुर
सहरिया आदिवासियों की जमीन और बाहरी अपराधियों की जमानत को लेकर डीएम से जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सहरिया आदिवासी समुदाय की भूमि को कथित रूप से प्रलोभन, दबाव अथवा अन्य अनुचित माध्यमों से दूसरे व्यक्तियों के नाम हस्तांतरित कराए जाने तथा जिला कारागार में निरुद्ध बाहरी जनपदों एवं राज्यों के आरोपितों को आर्थिक प्रलोभन देकर स्थानीय स्तर पर जमानत दिलाए जाने की चर्चाओं को लेकर जिलाधिकारी से जांच की मांग की गई है। इस संबंध में अधिवक्ता इन्दयाल सिंह लोधी एवं पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने 3 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। पत्र में कहा गया है कि सहरिया आदिवासियों की भूमि को कथित रूप से प्रलोभन, दबाव अथवा अन्य माध्यमों से अन्य व्यक्तियों के नाम हस्तांतरित/दर्ज कराने की शिकायतें सामने आ रही हैं। साथ ही जिला कारागार में निरुद्ध बाहरी जनपदों एवं राज्यों के आरोपितों को आर्थिक प्रलोभन देकर स्थानीय स्तर पर जमानत दिलाए जाने की भी चर्चा है। प्रार्थना पत्र में दोनों मामलों की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराए जाने तथा तथ्यों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही सहरिया आदिवासियों की भूमि एवं उनके हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से सहरिया समुदाय के दस्तावेज तैयार कर उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे का अभियान भी हाल में चलाया गया है।



