INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, वीडियो फुटेज सौंपकर दोषियों की पहचान की मांग
INDIA bloc delegation meets Chief Secretary; hands over video footage and demands identification of the guilty.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। छात्र आन्दोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA गठबंधन के घटक दलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्र हितों और आन्दोलन से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मुलाकात के बाद गठबंधन नेताओं ने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनकी समस्याओं के प्रति सरकार संवेदनशील है। हालांकि, आन्दोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने छात्र और असामाजिक तत्वों की अलग-अलग पहचान कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की मांग की। इसके लिए मुख्य सचिव को आंदोलन से संबंधित वीडियो फुटेज भी सौंपे गये। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि छात्रों और अराजक तत्वों को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। वीडियो फुटेज के आधार पर आंदोलन में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जाए और अराजक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्व छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। विनोद पांडेय ने कहा कि यदि जांच में कोई छात्र भी अराजक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो केवल छात्र होने के आधार पर उसे संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। दोष साबित होने पर छात्र हो या राजनीतिक कार्यकर्ता, सभी के खिलाफ समान रूप से कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही निर्दोष छात्रों को किसी भी स्थिति में परेशान नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों पर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सीआईडी जांच में तेजी लाने तथा परीक्षा से जुड़े मामलों, विशेषकर CGL, में पारदर्शी और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, परीक्षा से जुड़े मामलों में जांच एजेंसियां पहले से कार्रवाई कर रही हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। नेताओं ने संबंधित मामलों की जांच में तेजी लाने की मांग की, ताकि छात्रों का भरोसा कायम रहे और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई हो सके। INDIA गठबंधन ने कहा कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए तथा निर्दोष छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय, विधायक विकास मुंडा, विधायक एमटी राजा और विधायक सुदीप गुड़िया , कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक राजेश कच्छप, विधायक सुरेश बैठा, विधायक ममता देवी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजद मनोज पांडेय और आबिद अली व भाकपा (माले): हलधर महतो शामिल रहे।


