
रामनगर-बड़ापुरा पुल पर तीन फीट ऊपर बह रहा पानी
आजादपुरा में 25 से अधिक घरों में घुसा पानी
छात्रों की सुरक्षा के लिए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद
शहर की गलियां बनीं तालाब
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बुधवार रात करीब 11 बजे से लगातार हो रही तेज बारिश ने जनपद में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते शहजाद नदी, बयाना नाला और नदी समेत कई नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रमुख मार्गों पर आवागमन बंद हो गया है। वहीं शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आजादपुरा में तुवन मंदिर के पीछे 25 से अधिक घरों में करीब तीन-तीन फीट पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहजाद नदी में उफान आने के कारण बांसी-बार मार्ग पर गढिय़ा गांव के पास स्थित पुल करीब दो फीट पानी में डूब गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगों को पुल पार न करने की सलाह दी जा रही है। इसी तरह ललितपुर शहर में बयाना नाला भी उफान पर है। बयाना नाले का पानी बढऩे से ललितपुर-बुढवार मार्ग पर सिद्धन के पास स्थित पुल पानी में डूब गया, जिसके चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। रामनगर से बड़ापुरा जाने वाले बयाना पुल के ऊपर से करीब तीन फीट पानी बह रहा है। खिरकापुरा स्थित बूढ़े बब्बा मंदिर के पास का पुल भी पानी में डूब गया है। वहीं मोहल्ला आजादपुरा में तुवन मंदिर के पीछे जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। यहां 25 से अधिक घरों में करीब तीन फीट तक पानी भरने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते शहर की कई गलियां भी तालाब जैसी नजर आईं। जगह-जगह जलभराव ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। स्थानीय लोग जलभराव और बंद मार्गों की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित कर रहे हैं। लगातार बारिश के कारण पिपरा से मनपुरा होते हुए जखौरा-तालबेहट मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हुआ है। पुलिया के ऊपर तेज गति से पानी बहने के कारण इस मार्ग से निकलना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने राहगीरों से पानी के तेज बहाव के बीच पुलिया पार नहीं करने की अपील की है और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। बुधवार रात से जारी बारिश का असर पाली-घटवार मार्ग पर भी देखने को मिला। घुंसी नदी का जलस्तर बढऩे से पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते जनपद को जोडऩे वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग भी आवागमन के लिए बंद हो गया। मार्ग बंद होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के आदेश पर 3 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश श्रीवास्तव ने जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के चलते प्रशासन की ओर से लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले पुलों को पार न करने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।



