खैरथल
खैरथल तिजारा जिले में भाजपा पर गरजे जितेंद्र सिंह
बोले—कांग्रेस राज में RRTS और एयरपोर्ट से बदलेगी इलाके की तस्वीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। नगर निकाय चुनाव के बीच खैरथल में आयोजित कांग्रेस की चुनावी सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर कांग्रेस का विजन सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि खैरथल तिजारा जिले में कांग्रेस का बोर्ड सौ प्रतिशत बन रहा है और जनता इस बार चुनाव में साफ-सफाई, पानी और मूलभूत व्यवस्थाओं जैसे स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करेगी।
सभा को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि “यह शुभ संकेत है कि खैरथल का बोर्ड सौ प्रतिशत बन रहा है।” उन्होंने बारिश का जिक्र करते हुए कहा कि ऊपर वाला भी वर्षा के रूप में अपना आशीर्वाद दे रहा है।
*RRTS से खैरथल के विकास का सपना*
जितेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने खैरथल के विकास को लेकर बड़ा सपना देखा था। उनका कहना था कि खैरथल तक RRTS हाई स्पीड ट्रेन आने से पूरे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिल सकती है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से खैरथल और आसपास के इलाकों के लिए विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
*कोटकासिम एयरपोर्ट को लेकर सरकार पर निशाना*
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कोटकासिम में प्रस्तावित एयरपोर्ट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो एयरपोर्ट कोटकासिम में खुलना चाहिए था, उसे दूसरी जगह खोल दिया गया। उन्होंने इसे पूरे इलाके के साथ सौतेला व्यवहार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों को लेकर जनता के साथ न्याय होना चाहिए।
*किशनगढ़ और पूरे इलाके के विनाश को नहीं भूलना चाहिए* जितेंद्र सिंह ने किशनगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किशनगढ़ को और इस पूरे इलाके को हमें कभी नहीं भूलना चाहिए।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ व्यवस्था ने इस पूरे क्षेत्र के साथ न्याय नहीं किया और विकास के बजाय नुकसान पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि जनता को इस चुनाव में क्षेत्र के भविष्य को ध्यान में रखकर फैसला करना होगा।
*चुनाव बाद फिर जनता के बीच आने का वादा*
उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से कहा कि चुनाव के बाद जब कांग्रेस का बोर्ड बनेगा तो वे दोबारा खैरथल आएंगे और जनता के साथ क्षेत्र के दुख-सुख और विकास के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
*सफाई, पानी और व्यवस्थाओं पर जनता का फोकस*
खैरथल के मतदाताओं की समझदारी की तारीफ करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि यहां के लोग चुनाव के मुद्दों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि सफाई, पानी और शहर की व्यवस्थाओं सहित कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें लेकर जनता इस चुनाव में अपना फैसला करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेकर यहां के विकास और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए काम करेगी।
*युवाओं को टिकट देने पर पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद*
सभा में कांग्रेस द्वारा युवाओं को टिकट दिए जाने पर भी जितेंद्र सिंह ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी ने बड़ी संख्या में नौजवानों को चुनाव मैदान में उतारा है, जो सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने जनता के मुद्दों और संघर्षों में सक्रिय भूमिका निभाई, उन्हें पार्टी ने प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है। उन्होंने NEET आंदोलन सहित विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष करने वाले युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संघर्ष करने वालों को सम्मान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है।
जितेंद्र सिंह ने युवा प्रत्याशियों को टिकट देने के लिए आयोजकों और पार्टी नेतृत्व को बधाई, धन्यवाद और शुभकामनाएं दीं।
*कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह*
सभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया। जितेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि खैरथल की जनता इस बार कांग्रेस के पक्ष में निर्णायक जनादेश देगी और कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।
*जूली बोले भाजपा सरकार ने तीन साल में काम नहीं, कांग्रेस की योजनाएं बंद करने और जमीनों के सौदे करने पर किया फोकस*
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा की भजनलाल सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के बजाय कांग्रेस शासन की योजनाओं को बंद करने, उनके नाम बदलने और राजनीतिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का काम हुआ है। जूली ने कहा कि राजस्थान ही नहीं, पूरे देश में यही स्थिति दिखाई दे रही है।
*तीन साल के काम पर उठाए सवाल*
जूली ने कहा कि सरकार के तीन साल के काम किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद करने, नाम बदलने और रोकने के अलावा कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया।
जूली ने कहा कि भाजपा सरकार का ध्यान विकास से हटकर अपने उद्योगपति मित्रों को जमीनें देने और जमीनों के सौदों पर केंद्रित है। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता को रोजगार, महंगाई और विकास के मुद्दों पर जवाब चाहिए, लेकिन सरकार इन मूल सवालों से बचती नजर आ रही है।
*जिला मुख्यालय और नाम बदलने को लेकर गंभीर आरोप*
खैरथल के जिला मुख्यालय और जिले के नाम को लेकर भी जूली ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ‘भर्तहरी नगर’ नाम करने के पीछे खैरथल की पहचान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
जूली ने आरोप लगाया कि खैरथल में जिला मुख्यालय नहीं बनाकर शहर से बाहर जमीनों के सौदों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिला मुख्यालय के लिए कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर जमीन लेने और स्थान बदलने का सिलसिला चला है।
उन्होंने कहा कि पहले एक जगह जमीन ली गई, फिर दूसरी जगह जिला मुख्यालय तय किया गया और बाद में वहां की जमीन बेच दी गई। अब तीसरी जगह को जिला मुख्यालय बनाने की तैयारी की जा रही है। जूली ने इन आरोपों को लेकर सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा।
*खैरथल कोई छोटा-मोटा कस्बा नहीं*
खैरथल की ऐतिहासिक पहचान का उल्लेख करते हुए जूली ने कहा कि खैरथल कोई छोटा-मोटा कस्बा नहीं है। इसकी पहचान आजादी से पहले से रही है और यह ऐतिहासिक महत्व रखने वाला क्षेत्र है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जमीनों के धंधे के लिए खैरथल की ऐतिहासिक पहचान से खिलवाड़ करना चाहते हैं। जूली ने तीखे अंदाज में कहा कि जमीनों के कारण कुछ लोग अपना जमीर तक गिरवी रखने को तैयार हैं।
*वोट की ताकत पहचानने की अपील*
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए जूली ने कहा कि जनता के हाथ में सबसे बड़ी ताकत वोट की ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस ताकत को कमजोर नहीं करने और भाजपा को चुनाव में जवाब देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अब समय भाजपा सरकार को उसकी नीतियों का जवाब देने का है।
*महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर केंद्र को घेरा*
जूली ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए भाजपा के पुराने चुनावी वादों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता से डॉलर और रुपये की बराबरी, किसानों की आय दोगुनी करने और हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन आज जनता इन वादों का हिसाब मांग रही है।
महंगाई का मुद्दा उठाते हुए जूली ने चीनी के दाम का जिक्र किया और प्रधानमंत्री के पूर्व के चाय बेचने वाले दावे पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और सरकार के दावों तथा जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
*जाति-धर्म की राजनीति, विकास से दूरी*
जूली ने भाजपा पर विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जाति और धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले सरकारों में विकास और जनता के काम प्राथमिकता में रहते थे, लेकिन आज भाजपा सरकार पर काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति को जाति और धर्म के इर्द-गिर्द केंद्रित किया जा रहा है।
उन्होंने अलग-अलग सामाजिक वर्गों का उदाहरण देते हुए भाजपा पर दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोप लगाया। जूली ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग समुदायों को लेकर भाजपा की भाषा और राजनीतिक रुख बदल जाता है।
*भाजपा ने एक ही धंधा बना रखा है*
जूली ने भाजपा पर सबसे तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने जाति और धर्म की राजनीति को ही अपना धंधा बना लिया है, जबकि विकास के मुद्दों से दूरी बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में वोट की ताकत के जरिए भाजपा को जवाब देगी। सभा में जूली के इस आक्रामक तेवर के बीच कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की और चुनावी तैयारियों को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
इस दौरान विधायक दीपचंद खेरिया, ललित यादव, जिला अध्यक्ष बलराम यादव,शिवनारायण गुप्ता, गिरीश डाटा,पुष्पेंद्र धाबाई,अजीत यादव,रोहिताश चौधरी, देव कसाना सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


