आवारा कुत्तों और बंदरों का बढ़ता आतंक, आए दिन घायल हो रहे लोग
सरकारी अस्पताल में घायलों को लगाया गया एंटी रेबीज टीका, लोगों में दहशत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। नगर और क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन आवारा जानवर राहगीरों और मोहल्लेवासियों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। इससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। नगर के कई मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों और बंदरों के झुंड देखे जा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचे रहीस ने बताया कि वह अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके अलावा आदिल, दीपक, नाहिद, बिलाल और अमजद समेत कई अन्य लोगों ने भी कुत्तों और बंदरों के हमले में घायल होने की जानकारी दी।
घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार किया गया और उन्हें आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने सभी घायलों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई। सरकारी चिकित्सक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध है। आवारा जानवर के काटने या हमला करने पर लोग घबराएं नहीं और तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
उन्होंने लोगों से आवारा कुत्तों और बंदरों से दूरी बनाए रखने की अपील की। नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से भी आवारा जानवरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है।