गोड्डा

कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित

मंत्री, विधायक, लोकसभा प्रभारी व जिला अध्यक्ष हुए शामिल 

 SIR, MMDR विधेयक और चंदा चोरी के मुद्दों पर खोला मोर्चा
प्रदेश कांग्रेस द्वारा 26 सितम्बर को राज्यपाल के आवास कलाभवन घेराव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। गोड्डा जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया तथा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि नवनियुक्त कार्यकारिणी की इस पहली बैठक में संगठन को मजबूती देने और समय पर बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्य रूप से तीन विषयों एसआईआर, चंदा चोरी और खान एवं खनिज विधेयक पर चर्चा हुई। दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कानून बनाकर झारखंड राज्य को आर्थिक रूप से पंगु बनाने और घुटनों पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस द्वारा 26 सितम्बर को राज्यपाल के आवास कलाभवन घेराव का कार्यक्रम तय किया गया है, जिसमें गोड्डा से भी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ शामिल होंगे।
विधायक प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए भारतीय जनता पार्टी लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रही है। बिना किसी ठोस कारण के आम लोगों को नोटिस थमाए जा रहे हैं, जिससे गरीब और आम जनता परेशान है। यद्यपि पार्टी के BLA-2 और बूथ-पंचायत स्तर के कार्यकर्ता लोगों की मदद में लगे हैं, फिर भी चुनाव आयोग की जटिल प्रक्रियाओं से कठिनाई हो रही है। प्रदीप यादव ने मांग की कि नोटिस का जवाब देने के लिए एसआईआर की समय सीमा को कम से कम एक महीने आगे बढ़ाया जाए, ताकि कोई भी नागरिक वोट के अधिकार से वंचित न रहे। प्रदीप यादव ने खान-खनिज विधेयक में संशोधन को राज्यों के अधिकार छीनने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों की निर्भरता अपने ऊपर बढ़ाकर उन्हें कमजोर करना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने चंदा चोरी के मुद्दे पर हमला बोलते हुए कहा कि राम के नाम पर वोट मांगने वाले आज जनता के सामने बेनकाब हो चुके हैं। कांग्रेस पार्टी इस पोल-खोल अभियान को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाएगी। उन्होंने दावा किया कि 26 सितम्बर के आंदोलन में संविधान में विश्वास रखने वाले सभी पार्टियां और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होकर अपना आक्रोश दर्ज कराएंगे। बैठक में लोकसभा प्रभारी गुंजन सिंह, जिलाध्यक्ष याहया सिद्दकी, विधानसभा प्रभारी आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button