100 बच्चों को मिलेगी निशुल्क शिक्षा
सेवा भारती द्वारा भैसदेही में एक साथ प्रारम्भ हुए तीन संस्कार केंद्र

बैतूल व्यक्ति निर्माण के लिए संस्कार आवश्यक: अभिषेक खंडेलवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बैतूल। नवरात्रि पर्व के प्रथम दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा भारती द्वारा भैसदेही नगर के साथ ही समीप के ही ग्राम पोहर एवं लहास में तीन संस्कार केंद्रो का शुभारंभ किया। जिनके माध्यम से इन क्षेत्रों में बस्तियों के बच्चों को न केवल पढ़ाया जाएगा बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार, संस्कृति की जानकारी, दैनिक दिनचर्या में कैसे व्यवस्थित रहे के साथ ही छोटी-छोटी बातें जिसमे भोजन से पूर्व हाथ धोना,माता-पिता का सम्मान और देशभक्ति गीत, हमारे वैदिक मंत्र ,महापुरुषों की जानकारी बताई जाएगी। जिससे उन्हें शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी मिलते हैं। संस्कार केंद्र के उद्घाटन में आरएसएस के विभाग सह सेवा प्रमुख अभिषेक खंडेलवाल ने कहा कि व्यक्तित्व निर्माण के लिए अच्छे संस्कार होना आवश्यक है अच्छा संस्कारवान व्यक्ति ही अपने लक्ष्य प्राप्त कर पाता है और साथ ही हम अपने हित से पहले समाज हित के बारे में सोच पाते हैं। बच्चों को उन्होंने वर्तमान में भारतीय पायलट स्मिथ मछार का उदाहरण दिया जिसने स्वयं की जान जोखिम में डालकर किस प्रकार 180 यात्रियों की जान बचाई। उन्होंने बताया कि आगामी समय में हम दशहरा मनाएंगे जिसमें हम रावण का दहन करते हैं रावण बहुत शक्तिशाली था उसके पास श्रीराम से बड़ी सेना थी पर वह श्री राम से युद्ध इसलिए हारा क्योंकि उसके संस्कार अच्छे नहीं थे। उन्होंने बताया कि सेवा भारती शिक्षा, स्वावलंबन,स्वास्थ्य,रोजगार आदि विषयों को लेकर कार्य कर रहा है आगामी समय में यहां पर कोचिंग सेंटर और निशुल्क खेल प्रशिक्षण के भी अन्य प्रकल्पों का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला सह संघचालक खेमराज ढडोरे, खंड संघचालक ताप्ती प्रसाद, विभाग समन्वयक शिवप्रताप,अधिवक्ता मारोती बारस्कर,डॉ.संदीप मगरदे,मंडल अध्यक्ष दिलीप घोरे, प्रधानाचार्य वैभव जोशी सहित महेंद्र सिंह गौर,नितिन कुबड़े,सचिन जैसवाल, दलजीत मनवर, सुनील कुबड़े आदि उपस्थित रहे।



