सिंगरौली

हरिहर तालाब में मिला लापता युवक का शव, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

परिजनों ने उसी दिन कोतवाली बैढ़न में दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत, रात करीब 9 बजे शव मिलने की सूचना पर जुटी भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।

 

सिंगरौली। शहर के बीच स्थित हरिहर तालाब में सोमवार रात करीब 9 बजे एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिंकू खान उर्फ सद्दाम, पिता अफजल खान, के रूप में बताई गई है। युवक के लापता होने के संबंध में परिजनों ने सोमवार को ही कोतवाली बैढ़न में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार रात हरिहर तालाब में शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तालाब तक कैसे पहुंचा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद जामा मस्जिद के सदर शहनवाज खान ने हरिहर तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के बीच स्थित इस तालाब में छठ पर्व सहित विभिन्न धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसके बावजूद तालाब के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की कमी चिंता का विषय है।

शहनवाज खान ने कहा कि तालाब के विकास और व्यवस्थाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजामों की कमी गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने नगर निगम से मामले को संज्ञान में लेते हुए तालाब के आसपास पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा के अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने यह भी कहा कि तालाब में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभाग को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए, ताकि त्योहारों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान यहां पहुंचने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button