तेज आवाज में लाउडस्पीकर पर अजान देने के आरोप में मौलवी पर मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर पर अजान देने के आरोप में पुलिस ने एक मौलवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मस्जिद से लाउडस्पीकर भी कब्जे में लिए हैं।
उपनिरीक्षक राजकुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे वह पुलिस टीम के साथ भूरा बाईपास फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे। इसी दौरान पास में ही स्थित मस्जिद मोहम्मदी से लाउडस्पीकर पर तेज आवाज सुनाई दी, जिस पर उन्होंने टीम के साथ मौके पर जाकर देखा, तो एक व्यक्ति लाउडस्पीकर के माध्यम से अजान दे रहा था। पुलिस को देखकर वह मौके से फरार हो गया। टीम ने मौके से दो लाउडस्पीकर, एक एम्पलीफायर और एक माइक बरामद किया। रिपोर्ट में बताया कि आसपास के लोगों से जानकारी करने पर फरार व्यक्ति का नाम सफा कॉलोनी निवासी मौलवी सलमान बताया गया, जिस पर मुकदमे में उन्हें नामजद कराया गया है। मामले में पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

