हत्या के प्रयास व तीन तलाक मामले में मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या के प्रयास तथा तीन तलाक देने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने मुकदमा दर्ज कराया कि करीब ढाई वर्ष पूर्व उसकी शादी गांव अकबरपुर सुन्हेटी निवासी युवक के साथ हुई थी।शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। उसके दस माह की बेटी भी है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसका उत्पीड़न किया जाता था। विवाहिता ने अपने जेठ पर भी बुरी नजर रखने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया। बताया कि 12 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे वह मायके में थी। तभी उसका पति, जेठ, जेठानी समेत दो अन्य वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गले में चुनरी डालकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से जाने लगे। पति उसे तीन तलाक देकर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

