केवट ने कराई गंगा पार, भरत मिलाप की लीला का मंचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगर के गौशाला भवन में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव में दसवें दिन भगवान श्रीराम के वनवास और भरत मिलाप की लीला का मंचन किया गया।
मंचन में दिखाया गया कि भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण सरयू नदी के तट पर पहुंचते हैं। वहां वे केवट से नाव के माध्यम से नदी पार कराने का आग्रह करते हैं। इसके बाद केवट उन्हें नदी पार कराता है और तीनों चित्रकूट की ओर प्रस्थान कर जाते हैं। इधर, भगवान श्रीराम के वियोग में महाराज दशरथ अपने प्राण त्याग देते हैं। भरत और शत्रुघ्न को जब श्रीराम के वनवास और महाराज दशरथ के निधन का समाचार मिलता है, तो वे अयोध्या लौट आते हैं। वहां पहुंचकर भरत माता कैकेयी को उनके निर्णय के लिए भला-बुरा कहते हैं। इसके बाद भरत, शत्रुघ्न, तीनों माताओं, गुरु वशिष्ठ और मंत्री सुमंत के साथ श्रीराम को वापस अयोध्या लाने के लिए चित्रकूट पहुंचते हैं। वहां भरत और श्रीराम का मिलाप होता है। भरत उनसे अयोध्या लौटकर राजपाट संभालने की विनती करते हैं, लेकिन पिता को दिए वचन के पालन के लिए श्रीराम वनवास पूरा करने का निर्णय लेते हैं। इसके बाद भरत श्रीराम की चरण पादुकाएं लेकर अयोध्या लौट जाते हैं।

