अनियमितताओं पर सपना मेडिकल स्टोर मुण्डावर,शिव मेडिकल भिवाडी का औषधि अनुज्ञापत्र निलंबित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिले में औषधी नियंत्रक विभाग ने औषधियों के विक्रय एवं अभिलेख संधारण में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर मुण्डावर स्थित मैसर्स सपना मेडिकल स्टोर का औषधि अनुज्ञापत्र 15 दिन के लिए निलंबित किया गया है।भिवाड़ी के शिव मेडिकल स्टोर का भी अनुज्ञा पत्र 10 दिन के लिए निलंबित किया गया
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक नरोत्तम देव बारोठिया ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खैरथल-तिजारा से प्राप्त शिकायत के क्रम में 10 सितंबर को औषधि नियंत्रण अधिकारी द्वारा फर्म का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान मूल औषधि अनुज्ञापत्र प्रदर्शित नहीं होना, निरीक्षण पुस्तिका का संधारण नहीं करना, पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में औषधियों का विक्रय, बिना कैश मेमो बिक्री, शेड्यूल H1 रजिस्टर अद्यतन नहीं होना तथा खरीद बिल व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं करना जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
इसके अतिरिक्त, कुछ औषधियों के विक्रय संबंधी विवरण मांगने पर प्रस्तुत नहीं किए गए। फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ।
इन अनियमितताओं के आधार पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 66(1) के तहत फर्म के औषधि अनुज्ञापत्र 27 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक निलंबित किए गए हैं।



