रामपुर शाहबाद
महिला सुरक्षा से लेकर साइबर अपराध तक की दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को भुड़ासी के ज्ञानदीप जूनियर हाईस्कूल और नवाबपुरा के प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताकर जागरूक किया।कार्यक्रम में एसआई कंचन धामा ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं किसी भी तरह की परेशानी होने पर वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090 और महिला हेल्पलाइन 181 पर सहायता मांग सकती हैं। साइबर ठगी की शिकायत के लिए 1930, जबकि बच्चों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा आपात स्थिति में पुलिस की मदद के लिए 112 और गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा 102 की जानकारी दी गई।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय संबंधित अधिकारियों से मदद लें। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया।इस दौरान शिव कुमार, सुधा, मेघा कर्णवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


