गाजियाबाद
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनने पर आरती मिश्रा का भव्य स्वागत
बधाई देने वालों का लगा तांता

ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूल-मालाओं से हुआ अभिनंदन, स्मृति चिह्न भेंट कर दी शुभकामनाएं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा गाजियाबाद की जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर आरती मिश्रा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अंकुर विहार, लोनी स्थित उनके कार्यालय पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यालय पर उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर कई लोगों ने आरती मिश्रा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और पार्टी संगठन में उन्हें मिली नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम में प्रमुख पत्रकार राजेन्द्र सोनी, सुशील शर्मा, ऋषभ तोमर, डीएस ओझा और विनीत महेश्वरी सहित सुधाकर तिवारी, विपिन कसाना, भोपाल सिंह, दिनेश बैसला,पप्पू पवार, खुशी गुप्ता, प्रियंका जयसवाल समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मेहनत और सक्रियता से लोनी में बनाई मजबूत पहचान
आरती मिश्रा ने अपनी मेहनत, निरंतर सक्रियता और क्षेत्र में भाग-दौड़ के बल पर लोनी में एक मजबूत संगठनात्मक स्तंभ के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। क्षेत्र में उनकी सक्रियता और लोगों के बीच निरंतर संपर्क को उनकी राजनीतिक यात्रा का महत्वपूर्ण पक्ष माना जा रहा है। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
उनकी नियुक्ति को क्षेत्र में महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

