जनगणना-2027 के फील्ड ट्रेनर्स को दिया प्रशिक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण जारी रहा। जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण के दूसरे दिन जनगणना की अवधारणाओं, प्रश्नावली और डिजिटल ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण है। इसमें आंकड़ों का संकलन शुद्ध, स्पष्ट और समयबद्ध तरीके से किया जाना जरूरी है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण में गंभीरता से भाग लेने के निर्देश दिए। जिला जनगणना प्रभारी शिवकुमार भारती और मास्टर ट्रेनर सचिन विकल व शशांक अग्रवाल ने विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रश्नावली के प्रश्न संख्या 1 से 10 तक की जानकारी दी गई थी, जबकि दूसरे दिन प्रश्न संख्या 11 से 30 तक विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही डिजिटल माध्यम से सूचनाएं दर्ज करने के लिए पीई मोबाइल ऐप के संचालन और उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन फील्ड विजिट कराई जाएगी। इसमें ट्रेनर्स को निकटवर्ती क्षेत्र में ले जाकर जनगणना कार्य का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे वास्तविक परिस्थितियों को समझकर कार्य सुचारु रूप से संपन्न करा सकें।
