राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शौर्य वर्मा ने जीता स्वर्ण पदक
तिरुपुर में शानदार प्रदर्शन के बाद स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए भी हुआ चयन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। तमिलनाडु के तिरुपुर में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में सेंट फ्रांसिस स्कूल शामली के खिलाड़ी शौर्य वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। छह से 11 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर शौर्य का स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए भी चयन हुआ है।
सीएससीई नेशनल कराटे चैंपियनशिप में मेरठ जोन का प्रतिनिधित्व करने वाले शौर्य वर्मा ने अपने सभी मुकाबले नॉकआउट स्कोर के आधार पर जीतकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। मेरठ जोन से प्रतियोगिता में शौर्य वर्मा और राघव शर्मा ने हिस्सा लिया था।
शौर्य की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जोश मैथ्यू टेकेल के मार्गदर्शन और कराटे कोच शिवांश भार्गव के प्रशिक्षण को दिया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।



