शामली

सुनार की दुकान से डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल

छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर, 45 किलो चांदी और 500 ग्राम सोने के आभूषण ले उड़े

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 

शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक स्थित नाला पटरी पर चोरों ने सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर छत की ओर से सेंध लगाकर दुकान में घुसे और अलमारी के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह दुकान खुलने पर चोरी का पता चला तो व्यापारियों में हड़कंप मच गया। प्रमुख बाजार में हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुजरातियान निवासी चाचा-भतीजा दीपक वर्मा और हर्ष वर्मा की गांधी चौक नाला पटरी पर श्री ऊषा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दोनों मंगलवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सेंध लगी देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने दुकान में रखी गुप्त अलमारी के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जांच करने पर करीब 45 किलो चांदी और 500 ग्राम सोने के जेवर गायब मिले। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।

सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और सीओ सिटी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। एसपी ने पीड़ित व्यापारियों को जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।

 शहर से देहात तक चोरी की घटनाओं से दहशत

शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान पिछले कई महीनों से ट्यूबवेलों पर चोरी की घटनाओं से परेशान हैं। वहीं, अब शहर के प्रमुख बाजार में दुकान से करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी होने से पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त के दावे करती है, लेकिन इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, रात्रि गश्त मजबूत करने और सुनार की दुकान में हुई चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button