नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के बिरसा मुंडा शिक्षण संस्थान परिसर में संचालित एंडेवर एकेडमी, पाकुड़ में गुरुवार को रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) एवं एनटीपीसी (NTPC) परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विशेष मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में पाकुड़ जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एंडेवर एकेडमी का संचालन बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मॉक टेस्ट का आयोजन दो पालियों में निर्धारित किया गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 बजे से 10 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई। एकेडमी प्रबंधन के अनुसार, मॉक टेस्ट आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को रेलवे भर्ती परीक्षा के वास्तविक पैटर्न से अवगत कराना तथा उनकी तैयारी के स्तर का आकलन करना था। परीक्षा आरआरबी-एनटीपीसी के नवीनतम पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न को ध्यान में रखकर आयोजित की गई, ताकि छात्र अपनी कमियों को पहचानकर आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि पाकुड़ में ही बेहतर मार्गदर्शन और मॉक टेस्ट की सुविधा मिलने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम हो रही है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही तैयारी करने का अवसर मिल रहा है। संस्थान के निदेशक विकास तिवारी ने बताया कि मॉक टेस्ट समाप्त होने के तुरंत बाद अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी (आंसर-की) उपलब्ध कराई गई, जिससे वे अपने उत्तरों का मिलान कर अपनी तैयारी और प्रदर्शन का आकलन कर सकें। उन्होंने कहा कि एंडेवर एकेडमी का लक्ष्य पाकुड़ जिले के अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाकर सरकारी नौकरी प्राप्त करने की दिशा में मार्गदर्शन देना है। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक प्रिंस प्रकाश सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

