पिलखुवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अवैध पटाखों के कारोबार का किया भंडाफोड़, पांच लाख रुपयों के पटाखों के साथ एक गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। जनपद हापुड़ में अवैध पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिलखुवा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध पटाखे बनाने और बेचने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छह कार्टून अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
खेड़ा गेट के पास से हुई गिरफ्तारी
हापुड़ पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जनपद में अपराधों की रोकथाम और अवैध पटाखों एवं विस्फोटक पदार्थों की बिक्री तथा भंडारण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना पिलखुवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेड़ा गेट के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छह कार्टून अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इरफान के रूप में हुई आरोपी की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इरफान पुत्र खुशी मोहम्मद निवासी मोहल्ला सदीकपुरा, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से बरामद छह कार्टून पटाखों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। मामले में थाना पिलखुवा पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार बालियान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राहुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विवेक मिश्रा, हेड कांस्टेबल अभिषेक चौधरी तथा कांस्टेबल आशीष तोमर शामिल रहे।
हापुड़ पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



