शामली
दो बाइकों की भिड़ंत में दूध व्यापारी के किशोर पुत्र की मौत, दो अन्य घायल
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, अंतिम विदाई के दौरान परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला, शामली। बुढ़ाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में कांधला निवासी दूध व्यापारी के 14 वर्षीय पुत्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद किशोर का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बाद में गमगीन माहौल में किशोर को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी इरशाद दूध का कारोबार करते हैं। वह आसपास के गांवों से दूध एकत्र कर उसकी आपूर्ति करते हैं। बताया गया कि शनिवार देर रात उनका 14 वर्षीय पुत्र अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव जोगियाखेड़ा से दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान गांव के निकट विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर मोबिन और सुफियान सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन किशोर को उपचार के लिए बुढ़ाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले पहुंचे। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। परिजन उसे मेरठ लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया।
रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किशोर का शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में मचे विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बाद में परिजनों और अन्य लोगों की मौजूदगी में किशोर को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हादसे में घायल दोनों अन्य युवकों का अस्पताल में उपचार जारी है। किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

