कानपुर

रामलीला एवं डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कानपुर : बिठूर मात्रछाया गुरुकुलम् में 15 अक्टूबर से रामलीला का भव्य मंचन किया जा रहा है, जिसमें गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित विभिन्न प्रसंगों का सजीव एवं मनोहारी चित्रण प्रस्तुत किया जा रहा है। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ भारतीय संस्कृति, मर्यादा, आदर्शों एवं धर्म की महत्ता को दर्शा रही हैं। इस संपूर्ण आयोजन का संचालन प्रतीक मिश्रा की देखरेख में किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन रॉयल ग्रुप एवं मात्रछाया गुरुकुलम् के चेयरमैन रोहित मिश्रा के नेतृत्व में किया गया है। इसी श्रृंखला में रामलीला के साथ भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और डांडिया की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को उल्लास एवं उमंग से भर दिया। इस आयोजन में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने भारतीय लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर रॉयल ग्रुप एवं मात्रछाया गुरुकुलम् के चेयरमैन रोहित मिश्रा ने कहा रामलीला हमारी सनातन संस्कृति, आदर्शों और जीवन मूल्यों का प्रतीक है। इसके माध्यम से हम अपनी नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना चाहते हैं। वहीं डांडिया जैसे पारंपरिक उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं और समाज के लोगों को आपस में जोड़ते हैं। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता एवं उनकी सुंदर प्रस्तुतियाँ हमारे लिए अत्यंत उत्साहवर्धक हैं। हमारा प्रयास है कि मात्रछाया गुरुकुलम् के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को प्रोत्साहित किया जाए। रामलीला एवं डांडिया महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम प्रस्तुत किया। यह आयोजन भारतीय परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button