जामताड़ा
करमाटांड़ हटिया प्लॉट दुर्गा मंदिर में डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन
विजेताओं को मिले पुरस्कार जनप्रतिनिधियों का रहा जमावड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ स्थित हटिया प्लॉट दुर्गा मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में भव्य डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। भक्ति और उत्साह से सराबोर इस उत्सव में आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में माताओं और बहनों ने भाग लिया और पारंपरिक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के आधार पर पुरस्कृत किया गया। विजेता माताओं-बहनों को मेडल, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह, जामताड़ा जिला अध्यक्ष आशा गुप्ता, अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल, तथा विधायक प्रत्याशी एवं भावी जिला परिषद सदस्य विक्की मंडल उपस्थित रहे। इनके अलावा कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पूजा कमेटी के सदस्य भी इस उत्सव में शामिल हुए।
समारोह के दौरान पूजा कमेटी की ओर से मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों को हटिया प्लॉट दुर्गा माता रानी का चित्र पोस्टर और अंगवस्त्र (गमछा) भेंट कर सम्मानित किया गया।
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भातृत्व और सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा मिलता है। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया और पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान रहा ।



