बालाघाट
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन, परिजनों का किया सम्मान
बालाघाट पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और पत्रकारों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन बालाघाट स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहीद हुए जवानों की सूची का वाचन किया गया और उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जवानों और पत्रकारों ने शहीद पुलिसकर्मियों तथा शहीद नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शहीद जवानों और नागरिकों के परिजनों का सम्मान भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हुए थे। उन्हीं के बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि देकर उनके साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया जाता है।




