पाकुड़ सर्किट हाउस में आलमगीर आलम और तनवीर आलम ने आमजनों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं से किया संवाद
Alamgir Alam and Tanveer Alam interacted with members of the public and Congress party workers at the Pakur Circuit House.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आलमगीर आलम तथा झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पाकुड़ सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के दूर- दराज के इलाकों से आये आमजनों, विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन भी दिया। आलमगीर आलम ने कहा कि पाकुड़ दौरे के दौरान आमजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत होना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के निराकरण के साथ- साथ पाकुड़ के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं। अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पाकुड़ एक ग्रामीण बहुल क्षेत्र है। पहले जिले के कई सुदूरवर्ती गांवों से जिला मुख्यालय तक पहुंचना काफी कठिन होता था। उस समय कई स्थानों पर कच्ची सड़कें होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हालांकि, समय के साथ सड़क सम्पर्क में सुधार हुआ है और अब लोग वाहनों के माध्यम से अपेक्षाकृत आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंचकर दैनिक कार्यों को पूरा कर पा रहे हैं। आलमगीर आलम ने कहा कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास की सम्भावनाओं को साकार करने के लिए निरन्तर प्रयास जरूरी है। सड़क सम्पर्क में सुधार के साथ- साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी क्षेत्र की प्रमुख जरूरतों में शामिल है। क्षेत्र में सड़क नेटवर्क के विस्तार को सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग भी प्रमुखता से सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि पाकुड़ सदर अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं में और सुधार की जरूरत है। इसके साथ ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल की स्थापना और गंभीर मरीजों के उपचार के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित करना समय की मांग है। स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर रहने की मजबूरी कम हो सकती है। ऐसे में पाकुड़ में स्वास्थ्य आधारभूत संरचना का विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सर्किट हाउस में आयोजित इस मुलाकात के दौरान आमजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं से अवगत कराया। क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं में सुधार को लेकर हुई इस बातचीत को पाकुड़ की स्थानीय जरूरतों के सन्दर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वही 1 नवंबर 2026 को दिल्ली में आयोजित होने जा रही वोट बचाओ- देश बचाओ अभियान को सफल बनाने हेतु अधिक-से-अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की। इस दौरान जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, जिला उपाध्यक्ष असद हुसैन, सेमीनुल इस्लाम, शाहीन परवेज, सेलीम हुसैन, बेलाल शेख, अमीर हमजा, रामविलास महतो, हाबीबुर रहमान व सोशल मीडिया चैयरपर्सन पियारुल इस्लाम आदि समेत काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद थे।



