जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
धनैना गांव में लाठी-डंडों और सरियों से तीन लोगों पर किया था हमला, दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गढ़ीपुख्ता, शामली। क्षेत्र के गांव धनैना में एक राय होकर लाठी-डंडों और सरियों से तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी और एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को गांव धनैना निवासी मोहकम के भतीजे राहुल द्वारा सामान उठाने को लेकर अपने बेटे को डांटने पर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर मदन, लालकुमार, रोहन, अभय, कविता और भोला ने एकत्र होकर राहुल, राजबीर और वीरसैन पर लाठी-डंडों व सरियों से हमला कर दिया था। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोहकम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए गढ़ीपुख्ता पुलिस ने शुक्रवार को वांछित आरोपी लाल कुमार पुत्र राज सिंह निवासी धनैना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को एक आरोपी और एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।