शामली

साइबर ठगों के नए हथकंडों पर शामली पुलिस की नजर

डिजिटल अरेस्ट से बचने को किया जागरूक, ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल को देखते हुए शामली पुलिस ने नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस मंथ के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया है। अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लोगों को साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों से सावधान रहने की अपील की गई है।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई और अन्य जांच एजेंसियों के अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर रुपये ऐंठते हैं। कोई भी सरकारी जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही इस तरह ऑनलाइन पैसे मांगती है।

पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन और यूपीआई पिन साझा नहीं करने की सलाह दी। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने और मजबूत पासवर्ड रखने की भी अपील की गई।

ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल

शामली पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button