कृषि विज्ञान केंद्र जलालपुर में कार्यक्रम आयोजित, विधायक प्रसन्न चौधरी ने वितरित किए निशुल्क मिनीकिट और प्रमाणित बीज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। किसान सम्मान दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जलालपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त देशभर के किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से जारी किए जाने का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना खेती-किसानी के खर्चों में किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. संदीप चौधरी और जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने किसानों को रबी फसलों के प्रबंधन और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान किसानों को निशुल्क मसूर और सरसों के प्रमाणित बीज वितरित किए गए।
मसूर के बीज राजिंदर, रानी, शिवकुमार, मोहित, सुधीर, शिवपाल, धर्मेंद्र और श्रीराम सहित अन्य किसानों को दिए गए। वहीं, सरसों के बीज कुड़ाना निवासी विनोद और ओम सिंह को वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान सुधीर कुमार सहित कृषि विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। जिले के अन्य विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त जारी होने के कार्यक्रम आयोजित किए गए।