ठिठुरती सर्दी में ज़रूरतमंद परिवारों का सहारा बनी आदर्श दानपात्र सेवा समिति
कंबल एवं गर्म वस्त्रों का किया वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : कड़ाके की ठंड के बीच मानवता और संवेदनशीलता की पहल लेकर आदर्श दानपात्र सेवा समिति ज़रूरतमंद परिवारों के बीच पहुँची। रजेगांव के समीप नदी किनारे स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को समिति एवं जनसहयोग के माध्यम से कंबल और गर्म कपड़े वितरित किए गए।
इन झोपड़ियों में रहने वाले परिवार दिनभर झाड़ू निर्माण का श्रमसाध्य कार्य कर अपनी आजीविका चलाते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक अभाव के बीच इनका जीवन निरंतर संघर्ष में बीतता है। ऐसे में कड़ाके की ठंड इनके लिए एक और बड़ी चुनौती बन जाती है।
इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्यों ने उनके बीच पहुँचकर राहत सामग्री वितरित की। इस सेवा कार्य का उद्देश्य केवल कंबल और गर्म वस्त्र देना नहीं, बल्कि समाज के उन मेहनतकश लोगों तक सहयोग, सम्मान और अपनत्व पहुँचाना है, जो कठिनाइयों के बावजूद स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।
समिति का मानना है कि मानवता की असली पहचान किसी की पीड़ा को महसूस करने और आवश्यकता के समय उसके साथ खड़े होने में है। किसी ज़रूरतमंद के लिए एक कंबल केवल वस्त्र नहीं, बल्कि ठिठुरती रात में सुकून और सुरक्षा का अनमोल अहसास है।
इस पुनीत सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त दानदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आदर्श दानपात्र सेवा समिति हृदय की गहराइयों से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करती है।




