गोरखपुर
एमसीए: पीटीएम में अभिभावकों ने अध्यापकों से जानी विद्यार्थियों की प्रगति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : उपनगर गोला के एमसीए पब्लिक स्कूल में पीटीएम के मद्देनजर शनिवार सुबह से ही अभिभावक अपने बच्चों के साथ स्कूल पहुंचने लगे। पीटीएम के लिए प्रत्येक कक्षा में लगे ब्लैक बोर्ड को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शिक्षकों ने प्रत्येक बच्चे के अभिभावक को समय देकर उनके बच्चे की कमजोरी और व्यक्तित्व में बेहतरी कैसे हो के बारे में बात की। वहीं जो बच्चे पढ़ाई में कमजोर हैं उसके पीछे क्या वजह है, कहां सुधार की जरूरत है आदि मसलों पर चर्चा की। इससे ना सिर्फ बच्चों में उत्साह बढ़ा बल्कि अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया गया।
शनिवार को आयोजित पीटीएम में सुबह साढ़े आठ बजे से ही अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचना शुरू हो गए थे। विद्यालय प्रशासन की ओर से पीटीएम के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभिभावकों के लिए चाय-नाश्ते का इंतजाम किया गया था। बच्चों को क्रमांक के हिसाब से पहले से ही समय दिया गया था ताकि अफरा-तफरी की स्थिति न हो।
विद्यालय की प्रबंधक प्रदीप सिंह,शिक्षा निदेशिका रत्ना सिंह व प्रधानाचार्य ने बताया कि समय-समय पर शिक्षक और अभिभावक के बीच संवाद छात्रों की शिक्षा में बेहतरी का काम करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षण के क्षेत्र में शिक्षक के साथ-साथ अभिभावक को भी सजग रहने की जरूरत होती है। अभिभावक को अपने बच्चों के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। ताकि समय-समय पर वह भी अपने बच्चे की हौसला-अफजाही कर सकें और उनके लिए सही दिशा में निर्णय ले सकें। स्कूल में आए अभिभावकों ने भी बताया कि अपने बच्चों की शिक्षा के बारे में जानने का यह एक बेहतर अवसर है। यह पहल आगे भी जारी रहना चाहिए।



