ललितपुर
सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व एवं विकास कार्यों में ललितपुर को प्रदेश में मिला पांचवां स्थान
डीएम सत्य प्रकाश ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को दिसंबर तक पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राजस्व एवं विकास कार्यों में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिले को प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। गुरुवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने तथा शेष निर्माण कार्यों को आगामी दिसंबर माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में बताया गया कि सीएमआईएस पोर्टल पर जिले की कुल 309 विकास परियोजनाएं दर्ज हैं। इनमें से 193 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 116 परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को अगले माह तक कार्यों में तेजी लाने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय में प्रगति नहीं सुधरी तो जिम्मेदार अधिकारियों और संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में संबंधित विभागों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य तेजी से पूरा कराया जाए। यदि किसी परियोजना में शासन स्तर से धनराशि या स्वीकृति लंबित है तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि उनके स्तर से पत्राचार कर समस्या का समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी या कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण विकास परियोजनाएं लंबित नहीं रहनी चाहिए। बैठक में विकास परियोजनाओं में बाधा बन रहे भूमि विवादों की भी समीक्षा की गई। करमुहारा में प्रस्तावित विद्यालय के निर्माण का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को दूरभाष पर निर्देश दिए कि संबंधित समस्या का शीघ्र निस्तारण कराकर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। इसके बाद शासन द्वारा निर्धारित इंडिकेटर्स के आधार पर जनपद के आकांक्षी विकासखंड मड़ावरा की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले की विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मड़ावरा ब्लॉक के पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि मड़ावरा की प्रगति की निगरानी सीधे शासन स्तर से की जाती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डा.वीरेंद्र सिंह, डीएसओ सहित विद्युत, जल निगम, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, उद्योग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



