साहेबगंज
संविधान दिवस पर वन प्रमंडल में रक्तदान शिविर का आयोजन
60 से अधिक लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में संविधान दिवस के अवसर पर दिनांक 26 नवंबर 2026 को वन प्रमंडल साहिबगंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।इस वर्ष वन प्रमंडल कार्यालय में आयोजित यह दूसरा रक्तदान शिविर था।इससे पूर्व आयोजित शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था,जबकि इस बार 60 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।इस पहल का उद्देश्य आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना था।इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि रक्तदान केवल एक मानवीय कार्य ही नहीं,बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है।अस्पतालों में भर्ती मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना कई बार जीवन बचाने के लिए अत्यंत आवश्यक होता है।उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं योग्य व्यक्तियों को आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का योगदान अमूल्य होता है।इस आयोजन में वन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। वन प्रमंडल साहिबगंज की इस पहल में वन विभाग के कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।साथ ही पुलिस विभाग एवं समाहरणालय के पदाधिकारियों और कर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक प्रयास ने इस आयोजन को जनसहभागिता पर आधारित एक सार्थक सामाजिक पहल बनाया।वन प्रमंडल साहिबगंज की ओर से सभी रक्तदाताओं,पुलिस विभाग एवं समाहरणालय के पदाधिकारियों और कर्मियों,चिकित्सा दल तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।



