मथुरा
मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में षष्ठीपूर्ति महोत्सव
तीन दिवसीय आयोजन की घोषणा, प्रेस वार्ता में दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा में ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर समिति ने मंदिर परिसर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान समिति ने मंदिर के सेवायत गोस्वामी श्री श्री 108 डॉ. वागिश कुमार जी महाराज, कांकरोली नरेश तृतीय पीठाधीश्वर का तीन दिवसीय षष्ठीपूर्ति महोत्सव (60वां जन्म महोत्सव) मनाने की घोषणा की। द्वारकाधीश मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि यह महोत्सव 13 मार्च से शुरू होगा। महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रम डैम्पीयर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के पहले दिन, 13 मार्च को नंद महोत्सव का आयोजन होगा। इसके बाद 14 मार्च को राजभोग महोत्सव और दीपदान महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव का समापन 15 मार्च को श्री यमुना जी की चुनरी मनोरथ भव्य शोभा यात्रा के साथ होगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में कई गणमान्य व्यक्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इनमें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अशोक कुमार गुप्ता, राहुल चतुर्वेदी, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यसभा सांसद अरुण सिंह और मथुरा-वृंदावन विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आगरा मंडल आयुक्त नागेंद्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, मथुरा के जिला जज चंद प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी विकास कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी उपस्थित रहेंगे।



