ललितपुर

बजाज फाइनेंस में 1.71 करोड़ की धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

स्कॉर्पियो कार व मोबाइल बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली ललितपुर पुलिस ने बजाज फाइनेंस कंपनी लिमिटेड व आम नागरिकों के साथ करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक स्कॉर्पियो कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कलाई घड़ी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मु.अ.सं. 881/25 में वांछित अभियुक्त बैंक कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार उर्फ कार्तिक (31) पुत्र विनोद कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक झांसी स्थित बजाज फाइनेंस लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर रिस्क संदीप सिंह सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महेंद्र बरार, नवनीत सहित अन्य लोगों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी को करीब 1,71,01,703 रुपये का नुकसान पहुंचाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने इसकी जांच के लिए एसआईटी टीम गठित की थी। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब तक इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि इसी क्रम में वांछित आरोपी दिनेश कुमार को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बजाज फाइनेंस की ललितपुर शाखा में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके आधार, पैन कार्ड आदि दस्तावेज लिए और फर्जी बिक्री व अन्य कागजात तैयार कर लोन स्वीकृत कराकर बड़ी रकम हड़प ली। गिरोह में कंपनी के कुछ अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने वर्ष 2024 और 2025 में फर्जी ऋण आवेदन और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने इस पैसे से स्कॉर्पियो कार खरीदी और ऐशो-आराम पर खर्च किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी सतेन्द्र सिंह व महिला कांस्टेबल नीलम शामिल रहीं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button