गोड्डा

महागामा में अकीदत के साथ अदा हुआ अलविदा जुमा

ईद को लेकर बढ़ा उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महगामा : प्रखंड क्षेत्र के हनवारा, बिशनपुर, कोयला, परसा सहित विभिन्न मस्जिदों में रमजान माह का आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमा बड़े ही सुकून और अकीदत के साथ अदा किया गया। इस खास मौके पर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। घरों में जहां महिलाएं साफ-सफाई और तैयारी में जुटी रहीं, वहीं मस्जिदों की साफ-सफाई भी अकीदतमंदों द्वारा की गई। दोपहर करीब 12 बजे से ही लोग इत्र की खुशबू लगाकर, नए कपड़े, कुर्ता-पायजामा और टोपी पहनकर मस्जिदों की ओर रवाना होने लगे। मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं, ईद को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शुक्रवार को खाड़ी देशों में ईद का त्योहार मनाया गया है, जिसके चलते अब भारत में चांद देखने के बाद शनिवार को ईद मनाए जाने की संभावना है। बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ गई है और लोग अपने-अपने तरीके से त्योहार की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस तरह अलविदा जुमा के साथ रमजान माह की रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है और अब सभी को ईद का बेसब्री से इंतजार है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button