ललितपुर
38वें सवामनी हवनोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बालाजी सरकार के दरबार में भक्तों ने लगाई मनौती

डोडाघाट स्थित हवालदार मंदिर में विधि-विधान से संपन्न हुआ हवन
ग्वालियर के राजू महाराज ने दिया भक्ति का संदेश
मनोकामना पूर्ण होने पर भक्तों ने चढ़ाया सवामनी प्रसाद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। श्री बालाजी मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में श्री 1008 बालाजी सरकार का 38वां सवामनी हवनोत्सव जुगलकिशोर जी महाराज बालाजी धाम, हवालदार मंदिर डोडाघाट परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने श्री बालाजी सरकार के दरबार में अपनी अर्जी लगाकर कष्टों के निवारण और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। हवनोत्सव के दौरान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। धार्मिक भजनों और जय बाबा की जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। ग्वालियर से पधारे राजू महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, आस्था और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईश्वर के प्रति सच्ची श्रद्धा और विश्वास से मनुष्य को आत्मिक शांति प्राप्त होती है। हवनोत्सव के अवसर पर मंदिर में विराजमान जगदंबा माता, भगवानश्री भोलेनाथ, श्री जुगलकिशोरजी महाराज, श्रीबालाजी सरकार, श्री चेतराज सरकार एवं श्रीभैरवनाथजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार रुपेश शर्मा द्वारा किया गया। वहीं श्री मानस संकीर्तन मंडल की ओर से सुंदर धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिसका श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आनंद लिया। यज्ञाचार्य कृष्णकांत त्यागी शास्त्री के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विशाल हवन संपन्न कराया गया। इसमें मुख्य यजमान गिरीश शर्मा, भगवत नारायण बबेले, अमन शर्मा, अजय पाराशर, सीताराम, धर्मेंद्र सोनी, राजेश श्रीवास्तव, भरत सोनी, अंकित सोनी, सुरेश साहू एवं घनश्याम साहू ने आहुतियां देकर धर्मलाभ प्राप्त किया। विशाल यज्ञ के समापन के बाद मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं की विधिवत आरती की गई। जिन श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हुई थीं, उन्होंने श्रद्धापूर्वक श्री बालाजी सरकार के चरणों में सवामनी प्रसाद अर्पित किया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने बालाजी सरकार का प्रसाद ग्रहण किया। हवनोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रियदर्शी शेखर, प्रवीण शेखर, अभय जैन, हरगोविंद सोनी, चंदू सोनी, प्रेम अग्रवाल, रामशरण अग्रवाल, ओमप्रकाश सोनी, दिनेश रावत, कमलेश श्रीवास्तव, सुखनंदन सोनी, राजू सोनी, सानू राठौर, बृजेश सोनी, जय कुमार जौहरी, स्वतंत्र गुप्ता, शिब्बू चौबे, संतोष सोनी, रामलखन नगाइच, संजीव सोनी एवं सोनू पटवा सहित अनेक श्रद्धालुओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। 38 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस धार्मिक महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।



