करंट लगने से किसान की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में बयाना के गढ़ी बाजना थाना के नगला तीर गांव में गुरुवार सुबह घर से गेहूं की फसल काटने खेत पर जा रहे 32 वर्षीय किसान वकील सिंह गुर्जर की 11 केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने मृतक के परिजनों के हवाले से बताया कि खेत पर जा रहे वकील सिंह गुर्जर के ऊपर रास्ते मे अचानक ही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। गंभीर रूप से झुलसे किसान को परिजन बयाना उप जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने डिस्कॉम के खिलाफ रोष व्यक्त करते प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक की तीन बेटियों और एक बेटे के पालन-पोषण का हवाला देते हुए आर्थिक मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू की है।



