पाकुड़ में स्ट्रीट वेंडर्स का सम्मान: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल
Street vendors honored in Pakur: Prime Minister's Swanidhi Yojana sets a new example of self-reliance

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 28 मार्च 2026 शनिवार को पाकुड़ नगर परिषद सभागार में आज एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभान्वित पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्षा साबरी पाल, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी व नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। समारोह में उन पथ विक्रेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण की तीनों किस्तों—₹15,000, ₹25,000 एवं ₹50,000—का समय पर भुगतान करते हुए अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। अपने संबोधन में नगर अध्यक्षा साबरी पाल ने कहा कि यह योजना शहरी गरीब एवं पथ विक्रेताओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का एक सशक्त माध्यम है। वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने लाभार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बताया। नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा ने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में चयनित पथ विक्रेताओं को टी-शर्ट एवं टोपी देकर सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें भविष्य में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर सहायक अभियंता पियूष शंकर, नगर मिशन प्रबंधक मनीष मिश्रा, सीएलटीसी, कनीय अभियंता, राजस्व निरीक्षक, सामुदायिक संगठनकर्ता एवं सीआरपी सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।



