बरेली
बड़ा बाजार स्थित श्री दाऊजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बड़ा बाजार में स्थित श्री दाऊजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सुरमणि पंडित अवधेश कुमार गोस्वामी, राकेश गोस्वामी, योगेश गोस्वामी और मठ गद्दी तुलसी स्थल के नीरज नयन दास महाराज मौजूद रहे।
प्रसिद्ध गायक कलाकार दीपक राणा ने “कोई राम राम कहता है कोई शिव शिव गाता है” भजन प्रस्तुत कर भक्तों से वाहवाही लूटी। राजीव पाल ने “घनश्याम तेरी बंसी पागल कर जाती है”, प्रमित शर्मा ने “मैं तो वृंदावन वृंदावन जाऊंगी” और अजय चौहान ने “ए री सखी मंगल गाओ री” भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
बलदेव संगीत महाविद्यालय के सभी संगीत विद्यार्थियों ने भजनों की कर्णप्रिय प्रस्तुतियां दीं। तबले की संगत में अजय शंकर और मिलक से पहुंचे विपिन बिहारी ने राधा रानी जी का भजन गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इसके साथ ही मारुति शर्मा, सिद्धार्थ नेगी ने भी अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं।
पंडित अवधेश कुमार गोस्वामी कई पीढ़ियों से दाऊजी मंदिर में संगीत शिक्षार्थियों को संगीत की शिक्षा देते आ रहे हैं। वे रामपुर आकाशवाणी और दूरदर्शन के ग्रेडेड कलाकार हैं। पंडित अवधेश गोस्वामी को सुरमणि की उपाधि प्राप्त है और उन्हें कई इंटरनेशनल कलाकारों के साथ शास्त्रीय गायन का अनुभव है। अंत में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का गुरुजी पंडित अवधेश गोस्वामी ने आभार व्यक्त किया।



