रेवड़ा रेवड़ी में पशु आरोग्य मेले का आयोजन, 711 से अधिक पशुओं की हुई निःशुल्क जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद ; पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड मुरादनगर के ग्राम रेवड़ा रेवड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में 711 से अधिक पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर पशुपालकों को आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
पशु चिकित्सालय ढिंढार के डॉ. कुँवर बहादुर के तत्वावधान तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी पाण्डेय की प्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अमित त्यागी ने गोपूजन कर किया। इस दौरान पशु चिकित्सकों की टीम ने पशुओं की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। साथ ही पशुपालकों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, उनसे बचाव और समय पर उपचार कराने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
मेले में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पशुपालकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया। इनमें पशुधन बीमा, बकरी पालन, सूकर पालन और मुर्गी पालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रमुख रही। इसके अतिरिक्त पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने, नियमित टीकाकरण कराने, संतुलित पशु आहार देने और उचित देखभाल करने के बारे में विस्तार से समझाया गया।
अधिकारियों ने पशुपालकों से विशेष अपील की कि जिन गोवंशीय पशुओं का अभी तक एलएसडी (लम्पी स्किन डिजीज) का टीकाकरण नहीं हुआ है, उनका जल्द से जल्द टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि पशुओं को इस बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नितिन कसाना, गोसेवक अमित कुमार, पशुपालक सुशील कुमार, बलराज एवं शेखर सहित पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लघु चन्द्र, पशु चिकित्सक डॉ. अमित सेन, वेटरनरी फार्मासिस्ट विमल कुमार व प्रद्युम्न कुमार, पैरावेट विपिन शर्मा, प्रिंस, दिव्यांशु विश्नोई एवं योगेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
मेले में ग्रामवासियों और पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु सेवा केंद्र से संपर्क करें। इस तरह के आयोजन पशुपालकों को सरकारी योजनाओं और आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

