गाजियाबाद
लोनी में विकास कार्यों की सौगात, 6.28 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ
नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने कई कॉलोनियों में इंटरलॉकिंग सड़कें, नालियां और हाईमास्ट लाइट कार्यों का किया उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : राष्ट्रीय लोकदल से लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने शनिवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। वार्ड-1 की शरद सिटी, वार्ड-20 की इलायचीपुर और नसीब विहार तथा वार्ड-32 की राम विहार, कावेरी सिटी और अमन गार्डन कॉलोनी में करीब 6 करोड़ 28 लाख रुपये की विकास योजनाओं का नारियल फोड़कर उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ रंजीता धामा का स्वागत किया। फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्प वर्षा कर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की।
नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने बताया कि इन विकास कार्यों के अंतर्गत कॉलोनियों में हाईमास्ट लाइट, इंटरलॉकिंग टाइल्स और आरसीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 1 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से सिद्ध बाबा मंदिर से इलायचीपुर रोड तक दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अन्य कॉलोनियों में मुख्य मार्गों के साथ-साथ सहायक गलियों का भी निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोनी क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस दौरान स्थानीय निवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से खराब सड़कों और जलभराव की समस्या से परेशान जनता की आवाज को रंजीता धामा ने गंभीरता से सुना और विकास कार्य शुरू कराए। लोगों ने भविष्य में भी उनके प्रति समर्थन बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम में सुधीर तोमर, हरपाल, अनुज, ताराचंद, बहादरा कसाना, विवेक कुमार, पुष्पेंद्र, नौबहार सिंह, हरीश महतो, सूरज मंडल, मनोज जोगी, इसरार, फिरोज, अमन, सविता देवी, जया कुमारी, नैना देवी, रेणु, कुमकुम, मंजू, रानी देवी, कमला, गायत्री देवी, नीलम मिश्रा, राधा, बबीता देवी, रीना समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।


