नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कोतवाली क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज कुछ युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला छड़ियान निवासी साफेज पुत्र यूनुस ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले के ही शुएब उर्फ भूरा पुत्र जमशेद और उस्मान पुत्र रशीद कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, जिनसे उसका पहले से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि पूर्व में भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित के अनुसार 14 मई की दोपहर करीब डेढ़ बजे शुएब उर्फ भूरा और उस्मान ने उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद आरोपियों ने उससे रंजिश मान ली। आरोप है कि अगले दिन 15 मई को शुएब उर्फ भूरा, उस्मान, शेरखान पुत्र उमरदराज तथा अफनान पुत्र अशफाक ने उसे रास्ते में रोक लिया और रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर अभद्रता करते हुए धमकाने लगे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कहा कि ‘‘तू हमारे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराता है, आज तुझे जान से मार देंगे’’ और इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। किसी तरह मौके से भागकर उसने अपनी जान बचाई। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



